सितापाट गांव में ताला तोड़कर 12 बॉक्स नाइट्रेट मिक्सर ले गए बदमाश, बडगोंदा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की
महू। बडगोंदा थाना क्षेत्र के सितापाट गांव में एक गोडाउन का ताला तोड़कर बदमाश करीब 35 हजार रुपए कीमत की विस्फोटक सामग्री चोरी कर ले गए। घटना 7 सितंबर की सुबह की बताई जा रही है, जिसका पता 8 सितंबर की रात चला। चोरी की जानकारी मिलने के बाद बडगोंदा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिंदोड़ा निवासी सूरज पिता कान्तीलाल पाटीदार (33) ने पुलिस को बताया कि सितापाट गांव में सर्वे नंबर 212/01 और 214/01 स्थित उनके गोडाउन में नाइट्रेट मिक्सर और डेटोनेटिंग फ्यूज रखा था। बदमाश गोडाउन का ताला तोड़कर कुल 12 बॉक्स नाइट्रेट मिक्सर और करीब 375 मीटर डेटोनेटिंग फ्यूज चोरी कर ले गए।
चोरी हुए नाइट्रेट मिक्सर में 40 एमएम के तीन बॉक्स, जिनका वजन करीब 75 किलो, जबकि 25 एमएम के नौ बॉक्स, जिनका वजन करीब 225 किलो बताया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने गोडाउन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के दौरान क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
सूरज पाटीदार की शिकायत पर बडगोंदा पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस चोरी गई सामग्री और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
चोरी हुई सामग्री का इस्तेमाल खदानों और चट्टानों में ब्लास्टिंग जैसे कार्यों में किया जाता है। ऐसे में पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी गई सामग्री की बरामदगी और आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रही है।



