Wednesday, September 23, 2026

Top 5 This Week

spot_img

छात्रों की समस्याओं को लेकर ABVP सड़क पर,माहेश्वरी स्कूल चौराहे पर डेढ़ घंटे चला चक्काजाम

तहसीलदार के एक महीने में समस्याएं दूर करने के आश्वासन के बाद खुला जाम

महू। इंदौर-महू मार्ग पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विभिन्न समस्याओं को लेकर माहेश्वरी चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर महू कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और व्यवस्था संभाली।

प्रदर्शनकारियों ने उपनगरीय बसों में विद्यार्थियों से अधिक किराया लिए जाने का आरोप लगाते हुए छात्र-छात्राओं के लिए उचित किराया निर्धारित करने की मांग की। इसके साथ ही छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई गई।

जर्जर भवन की मरम्मत और अवैध पार्किंग हटाने की मांग

अभाविप महू नगर की ओर से तहसीलदार (राजस्व) महू को सौंपे गए ज्ञापन में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की विभिन्न समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई। ज्ञापन में विद्यालय भवन के कुछ हिस्सों के जर्जर होने का उल्लेख करते हुए भवन का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत और रखरखाव कराने की मांग की गई।

विद्यालय परिसर और आसपास हो रही अव्यवस्थित एवं अवैध पार्किंग को हटाकर व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था बनाने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण विद्यार्थियों के आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

स्कूल में सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी लगाने की मांग

विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए विद्यालय में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड तैनात करने तथा बाहरी लोगों के प्रवेश पर निगरानी रखने की मांग की गई। इसके अलावा मुख्य प्रवेश द्वार, कक्षाओं, मैदान सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी नियमित निगरानी व रखरखाव की व्यवस्था करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

तहसीलदार के आश्वासन के बाद खुला जाम

करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों और अभाविप कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर समस्याओं के निराकरण की मांग की। जाम की सूचना मिलने पर तहसीलदार विवेक सोनी माहेश्वरी चौराहे पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले एक महीने में विद्यालय से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर यातायात बहाल होने दिया।

ज्ञापन अभाविप महू नगर के नगर मंत्री शिवांक द्विवेदी ने सौंपा। प्रदर्शन के दौरान महू कोतवाली पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles