कथा में महिलाओं ने विभिन्न देवी-देवताओं की वेशभूषा में दी प्रस्तुति, अष्ट लक्ष्मी और अग्रसेन महाराज के 18 पुत्रों का प्रसंग भी हुआ प्रस्तुत
महू। अग्रसेन जयंती के पावन पर्व के अवसर पर श्री अग्रवाल महिला महासभा महू द्वारा उत्तम गार्डन में महालक्ष्मी कथा का आयोजन किया गया। कथा का आयोजन महासभा की संस्थापक चंचल राकेश अग्रवाल द्वारा किया गया। कथा का वाचन पिपलिया धाम से आए भगवताचार्य माधव रामानुज शास्त्री (माधव शीश) ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कथा वाचक, महिला मंडल संस्थापक चंचल अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, सुनीता गोयल सहित महिला मंडल की सदस्यों द्वारा महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अग्रवाल महिला महासभा एवं अग्रवाल समाज के सदस्यों ने महाराजा अग्रसेन की सामूहिक आरती की।
महालक्ष्मी कथा के दौरान महिलाओं ने विभिन्न देवी-देवताओं की वेशभूषा में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। राधिका गोयल ने विष्णु जी, सोहिनी अग्रवाल एवं मीना अग्रवाल ने लक्ष्मी जी, श्वेता अग्रवाल ने अग्रसेन महाराज, चंचल अग्रवाल ने माधवी जी, प्रेमा अग्रवाल ने समुद्र देवी तथा वरैण्या अग्रवाल ने प्रकट लक्ष्मी के रूप में प्रस्तुति दी। उषा गर्ग, रुचि अग्रवाल और संगीता तायल ने देवताओं की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में अंजू जयंत अग्रवाल एवं पीयूषि अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन के 18 पुत्रों एवं उनसे जुड़े गोत्रों का प्रसंग प्रस्तुत किया। वहीं छोटी बालिकाओं ने अष्ट लक्ष्मी के विभिन्न स्वरूपों एवं उनके महत्व को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान भोजन समिति के सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। राकेश अग्रवाल एवं अग्रवाल समाज के सदस्यों ने भोजन समिति के गोवर्धन अग्रवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल, गोविंद बंसल, अरुण मित्तल, रामदयाल एवं योगेश अग्रवाल का भोजन व्यवस्था के सफल संचालन के लिए सम्मान किया।
खचाखच भरे उत्तम गार्डन परिसर में करीब तीन घंटे तक चले कार्यक्रम में श्रद्धालु मंत्रमुग्ध नजर आए। कार्यक्रम का संचालन महासभा की अध्यक्ष सुनीता गोयल, सीमा बंसल, मीणा तायल एवं रीता अग्रवाल ने किया। अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष सुनीता गोयल ने किया, जबकि आभार अमृता गोयल ने माना।




