कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता हुए शामिल
महू। मां कालिका को चुनरी अर्पित करने के उद्देश्य से बुधवार को महू में अंतर सिंह दरबार द्वारा भव्य चुनरी एवं कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, मनोज ठाकुर, चिंटू वर्मा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान मां कालिका के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
यात्रा में महिलाओं और पुरुषों ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजकों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालुओं को लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था भी की गई थी। दशहरा मैदान से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सात रास्ता स्थित काली माता मंदिर पहुंची, जहां मां कालिका को चुनरी अर्पित की गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विश्राम, स्वल्पाहार और भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
धार्मिक आयोजनों के जरिए शक्ति प्रदर्शन की चर्चा
महू में अंतर सिंह दरबार लंबे समय से धार्मिक आयोजनों और यात्राओं के माध्यम से अपनी सक्रियता बनाए हुए हैं। इससे पहले भी उनके द्वारा 20 से अधिक धार्मिक यात्राएं निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली है।
इस बार की चुनरी एवं कलश यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। महू के राजनीतिक गलियारों में इस आयोजन को आगामी विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, यात्रा के आयोजक अंतर सिंह दरबार का मुख्य उद्देश्य मां कालिका को चुनरी अर्पित करना और धार्मिक आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को जोड़ना बताया गया है।




