अधूरे ब्रिज ने बढ़ाया जनता का दर्द, सड़क पर उतरे कांग्रेसी; चक्काजाम से दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतारें, प्रशासन को दी आर-पार की चेतावनी
महू। किशनगंज ब्रिज का अधूरा निर्माण अब केवल जनता की परेशानी नहीं, बल्कि प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। लंबे समय से अधूरे पड़े ब्रिज को लेकर कांग्रेस का आक्रोश आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। मंगलवार को युवक कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। करीब 40 मिनट तक सड़क पर कांग्रेस का कब्जा रहा और इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात थम गया और ब्रिज निर्माण में हो रही देरी को लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की गई।
प्रदर्शन का सबसे तीखा और चौंकाने वाला मोर्चा युवक कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल ने संभाला। उन्होंने प्रशासन को सीधे शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अप्रैल 2027 तक किशनगंज ब्रिज हर हाल में चालू होना चाहिए। पटेल ने यहां तक कह दिया कि यदि तय समय सीमा तक ब्रिज का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो वे आत्मदाह करेंगे। उन्होंने इस स्थिति के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेस ने साफ कर दिया कि अब ब्रिज निर्माण में देरी को लेकर सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा। जनता को परेशानी से मुक्ति दिलाने के लिए निर्माण कार्य को समय सीमा में पूरा करना होगा।
चक्काजाम के जरिए कांग्रेस ने प्रशासन तक अपना विरोध और चेतावनी दोनों पहुंचाने की कोशिश की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन अप्रैल 2027 की समय सीमा तक किशनगंज ब्रिज का निर्माण पूरा कर पाएगा, या फिर जनता को अभी और इंतजार करना पड़ेगा?



