शहर कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति से नाराजगी, पूर्व पदाधिकारियों से लेकर युवा कांग्रेस और वार्ड स्तर के नेताओं ने जिला अध्यक्ष को सौंपे इस्तीफे
महू। महू शहर कांग्रेस में नए शहर अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर विरोध के सुर तेज हो गए हैं। नियुक्ति से नाराज कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारियों, युवा कांग्रेस, सेवादल, आईटी सेल सहित वार्ड स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफे दे दिए। दावा है कि 100 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने इस्तीफे इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े को सौंपे हैं।
नाराज कार्यकर्ताओं का आरोप है कि महू शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद पर अमित अग्रवाल की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस के बड़े पदाधिकारियों और प्रभारी से कथित तौर पर सेटिंगबाजी की गई। इसी को लेकर पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
पूर्व पदाधिकारियों से लेकर युवा नेताओं तक शामिल
सामूहिक इस्तीफा देने वालों में महू शहर कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारी, विधानसभा प्रवक्ता एवं सह प्रभारी विधानसभा तथा सांसद प्रतिनिधि दिनेश पंचोली एडवोकेट के साथ उनके साथी कांग्रेस नेता शामिल हैं। इनमें वरिष्ठ नेता एवं सरपंच कमल चौधरी, सेवादल अध्यक्ष शाकिर खान, मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के निर्वाचित सचिव मुस्तकीम कुरैशी, महू शहर युवा कांग्रेस के निर्वाचित अध्यक्ष सचिन गुप्ता, महूगांव वीरवचीं ब्लॉक अध्यक्ष सनी सिंह राजपुत,अमित वर्मा, गोविंद कौशल सहित कई नेता और पदाधिकारी शामिल बताए गए हैं।
वार्ड स्तर पर भी विरोध
इस्तीफा देने वालों में सेवादल शहर उपाध्यक्ष मन्नालाल वर्मा, अल्पसंख्यक युवा नेता वसीम खान, युवा कांग्रेस जिला महासचिव रवि सिंगारे, जिला महासचिव नावेद खान, विशाल अग्रवाल, इरशाद कुरैशी, इरशाद खान, रमीज राजा, इमरान खान, कैलाश प्रजापत, सोनू प्रजापत, गोपाल कौशल, राहुल कलमें, शाहिद मंसूरी, अक्षय सागौरे, शेख हयात, रहीम सिद्दीकी, रोहित भलसे और गोलू बंसल सहित अन्य कार्यकर्ताओं के नाम शामिल हैं।
बताया गया कि वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 4 और 7 के मंडल एवं वार्ड स्तर के कई पदाधिकारी भी इस्तीफा देने वालों में शामिल हैं।
नियुक्ति के बाद बढ़ी अंदरूनी खींचतान
शहर कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद सामने आए सामूहिक इस्तीफों ने महू कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है। अब देखना होगा कि जिला कांग्रेस नेतृत्व इस सामूहिक इस्तीफे के बाद नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए क्या कदम उठाता है।




