सीबी गर्ल्स स्कूल में 18 अक्टूबर तक होगा आयोजन, विशेषज्ञ चिकित्सक कर रहे स्वास्थ्य परीक्षण; दवाइयां, जांच और सर्जरी की सुविधाएं न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध
महू। विशाल पत्रकार उत्सव समिति और डीपी कैंट अस्पताल, महू के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार से सीबी गर्ल्स स्कूल में सात दिवसीय चिकित्सा परीक्षण शिविर शुरू हुआ। शिविर 18 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 3 से 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा। पहले दिन बड़ी संख्या में शहरवासी शिविर में पहुंचे और स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
शिविर संयोजक पंडित कपिल शर्मा काशी महाराज ने बताया कि शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया जा रहा है। मरीजों को दवाइयां, पैथोलॉजी जांच, एक्स-रे, सीटी स्कैन और सर्जरी जैसी सुविधाएं न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर का उद्देश्य शहरवासियों को एक ही स्थान पर विभिन्न रोगों की जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना है।
बच्चों की जांच के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध
शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. निखर अग्रवाल, डॉ. अंकिता अग्रवाल और डॉ. रामाशीष शुक्ला अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अलग-अलग दिनों में विभिन्न रोगों की जांच
आयोजन के तहत 14 अक्टूबर को सर्जरी एवं नेत्र रोग, 15 अक्टूबर को हड्डी एवं जोड़ रोग, 16 अक्टूबर को दांत एवं मुंह संबंधी रोग तथा 17 अक्टूबर को स्त्री एवं प्रसूति रोगों की जांच की जाएगी। वहीं, 18 अक्टूबर को नाक-कान-गला, छाती रोग, दमा और एलर्जी से संबंधित समस्याओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श मिलेगा।
प्रतिदिन मिलेंगी चिकित्सकों की सेवाएं
शिविर के दौरान प्रतिदिन जनरल फिजिशियन डॉ. ऐश्वर्या अग्रवाल और डॉ. रामपाल वर्मा, होम्योपैथिक चिकित्सकों तथा फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. रोहित माहेश्वरी की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। आयोजन के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान, उचित परामर्श और आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।




