हजारों नागरिकों और विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, भारत माता के जयकारों से गूंजा नगर
मानपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत मानपुर नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। अश्व, बैंड-बाजों और हाथों में तिरंगा लिए हजारों नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे नगर में देशभक्ति का माहौल नजर आया और जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पमालाओं से यात्रा का स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हायर सेकंडरी स्कूल मानपुर परिसर से हुआ। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति नारों के बीच शुरू हुई यात्रा सदर बाजार, इमली रोड, खुर्दी रोड एवं अस्पताल रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। मार्ग में लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों से बाहर निकलकर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा में पीएम श्री हायर सेकंडरी स्कूल मानपुर, यूनिक स्कूल, कन्या हाई स्कूल, उन्नत माध्यमिक विद्यालय एवं ग्लोरियस स्कूल मानपुर के हजारों विद्यार्थी शामिल हुए। विद्यार्थियों की अनुशासित और उत्साहपूर्ण भागीदारी यात्रा का विशेष आकर्षण रही। शिक्षकगण भी विद्यार्थियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए।
तिरंगा यात्रा में क्षेत्रीय विधायक ऊषा ठाकुर, ओम परसवादिया, सुभाष महोदय, पवन यादव, पुंजलाल निनामा, विनोद जाट, गोकुल सोलंकी, संजय मीणा, अनिल दंडक, लोकेंद्र सोलंकी, पप्पू जाट, लालू मित्तल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कृष्ण, नायब तहसीलदार दिलीप द्विवेदी एवं थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। शिक्षा विभाग की ओर से संकुल प्रभारी डी.के. परमार सहित शिक्षकगण एवं विद्यालय स्टाफ ने भी यात्रा में सहभागिता की।
यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और तिरंगा हमारी शान है जैसे देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंजता रहा। नगर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने पुष्पमालाओं से तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों की कतारों और देशभक्ति के नारों ने मानपुर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। यात्रा में उमड़ा जनसैलाब मानपुर की देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति नागरिकों की प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।
कार्यक्रम का संचालन कमल जाट ने किया, जबकि आभार थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे ने माना।




