रात 2 बजे निकले कावड़ यात्री, सुबह 6 बजे बिल्केश्वर महादेव पर चढ़ाया जल
महू,गवली पलासिया। सावन माह में भगवान शिव के प्रति आस्था और भक्ति का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। महेश्वर से गवली पलासिया तक 21 कावड़ यात्रियों ने डांक कावड़ यात्रा पूरी की। यात्रियों ने रात करीब 2 बजे महेश्वर से यात्रा शुरू की और लगातार दौड़ते हुए सुबह करीब 6 बजे गवली पलासिया स्थित बिल्केश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
करीब चार घंटे में पूरी हुई इस डांक कावड़ यात्रा के दौरान कावड़ यात्रियों में विशेष उत्साह नजर आया। महेश्वर से गवली पलासिया तक की दूरी तय कर सुबह मंदिर पहुंचने के बाद सभी ने भगवान बिल्केश्वर महादेव को जल अर्पित किया और पूजा-अर्चना की।
डांक कावड़ यात्रा में गजेंद्र पाटीदार, अभिषेक पाटीदार, अनिल सुले, मनीष शर्मा, नागेश पाटीदार, उमेश, हरिओम पटेल, निर्मल, राजेंद्र, विजय पाटीदार, गौरव पाटीदार, संतोष पाटीदार, चंदन पाटीदार, गणेश, राहुल, आयुष, गौरव, सचिन, शुभम पांचाल और रोहित गुर्जर सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।
श्रद्धालुओं ने बताया कि भगवान शिव के प्रति आस्था और भक्ति के चलते उन्होंने डांक कावड़ यात्रा का संकल्प लिया था। यात्रा पूरी होने के बाद बिल्केश्वर महादेव मंदिर में जल चढ़ाकर सभी ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की।




