हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने वाहन में लगाई आग, ड्राइवर को पीछा कर पकड़ा; तीन घायल इंदौर रेफर
पीथमपुर। इंदौर के पास पीथमपुर में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो 200 से अधिक कांवड़ियों के जत्थे में जा घुसी। हादसे में 26 कांवड़िए घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो में आग लगा दी। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
घटना सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। विजय श्री हनुमान कांवड़ यात्रा बोकेश्वर से इंदिरामा की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कांवड़ियों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद यात्रा में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया।
यात्रा के साथ पुलिस बल भी मौजूद था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इनमें से तीन घायलों की हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
13 घायलों के नाम सामने आए
हादसे में घायल हुए लोगों में शैलेश (रवीन्द्र), आशा, लक्ष्मी, प्रकाश (नन्दराम), गोलू (मुन्नालाल), दीपक, पवन, ऋषिका, विशाल, शुभम, कैलाश, लालू और खुशी के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




