कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, सांसद कविता पाटीदार और विधायक उषा ठाकुर रहेंगी मौजूद; मल्टी स्पेशियलिटी और आधुनिक हेल्थ केयर सुविधाएं मिलेंगी
महू। महू के प्लाउडन रोड स्थित डीपी कैंट जनरल हॉस्पिटल में 16 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे डीपीसी हॉस्पिटल का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। छावनी परिषद महू के मुख्य अधिशासी अधिकारी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार और महू विधायक उषा ठाकुर अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
छावनी परिषद के अनुसार, अस्पताल के माध्यम से महू, छावनी क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों के नागरिकों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल में मल्टी स्पेशियलिटी सेवाओं और अत्याधुनिक हेल्थ केयर यूनिट के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा देने का प्रयास किया जाएगा।
निजी अस्पतालों की तुलना में 25 प्रतिशत कम शुल्क
जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि डीपीसी अस्पताल में नगर के अन्य निजी अस्पतालों की तुलना में 25 प्रतिशत कम शुल्क लिया जाएगा। यह छूट केंद्रीय चिकित्सा नियमों के अनुसार निर्धारित होगी। साथ ही, उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर कुछ शुल्क रेडक्रॉस हॉस्पिटल की तुलना में भी कम रहने की बात कही गई है।
गंभीर मरीजों, बुजुर्गों और पूर्व सैनिकों को मिलेगी राहत
छावनी परिषद के अनुसार, अस्पताल के माध्यम से महू के नागरिकों को इंदौर स्थित चौथराम चैरिटेबल ट्रस्ट के अस्पताल तक जाने की जरूरत कम करने का प्रयास किया गया है। इससे गंभीर मरीजों, बुजुर्गों और पूर्व सैनिकों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
डीपीसी हॉस्पिटल के शुरू होने से महू और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक उपचार सुविधाएं मिलने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होने की संभावना है।




