पीपीपी मॉडल पर शुरू हुई मल्टी-स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाएं, आईसीयू से लेकर आधुनिक जांच और विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओपीडी तक की मिलेगी सुविधा
महू। महू छावनी क्षेत्र के नागरिकों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात मिली है। छावनी परिषद महू की पहल पर डीपी कैंट जनरल हॉस्पिटल में पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का आज उद्घाटन किया गया। इन सुविधाओं के शुरू होने से महू और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को निजी अस्पतालों की तुलना में 25 प्रतिशत कम शुल्क पर इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
इस पहल का उद्देश्य नागरिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार और जरूरी जांचों के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम हो सके।
अस्पताल में 10 बिस्तरों वाली आईसीयू इकाई, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और विशेष मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही संपूर्ण डायग्नोस्टिक विंग में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, 2डी इको, टीएमटी और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं भी शामिल हैं।
अस्पताल में 24 घंटे फार्मेसी और आधुनिक पैथोलॉजी लैब, सुपर-स्पेशियलिटी ओपीडी, नवजात शिशु एवं बाल चिकित्सा विभाग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास केंद्र के माध्यम से मरीजों को उपचार के बाद स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।
निजी अस्पतालों की तुलना में कम शुल्क पर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था से आम नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। आधुनिक जांच सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से महू सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को लाभ मिलेगा।
उद्घाटन अवसर पर ये रहे मौजूद
अस्पताल की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के उद्घाटन अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद सावित्री ठाकुर, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, कैंट बोर्ड सीईओ ज्योति कपूर, एडम कमांडेंट कर्नल अनुराग शर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल, पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार, मनोज ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




