Thursday, September 10, 2026

Top 5 This Week

spot_img

इंदौर जिला फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में साईं धाम यूनाइटेड और घोसी ब्रदर्स आमने-सामने

मूसा एफसी और ताज फुटबॉल क्लब को सेमीफाइनल में दी शिकस्त, कल दोपहर 2 बजे होगा खिताबी मुकाबला

महू। इंदौर जिला फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 के सातवें दिन खेले गए दो रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। साईं धाम यूनाइटेड फुटबॉल क्लब और घोसी ब्रदर्स फुटबॉल क्लब ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबला कल दोपहर 2 बजे खेला जाएगा।

स्पर्धा सचिव श्री शशि यादव ने बताया कि पहला सेमीफाइनल अनुभवी टीम साईं धाम यूनाइटेड फुटबॉल क्लब और नवगठित मूसा एफसी के बीच खेला गया। मूसा एफसी के युवा खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए लगातार हमले किए और गोल करने के प्रयास किए, लेकिन साईं धाम यूनाइटेड के अनुभवी डिफेंडर अमित पांचाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उनके कई हमलों को नाकाम कर दिया।

साईं धाम की ओर से कप्तान अनुराग लाहोरे ने खेल पर मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए हाफ लाइन से शानदार पासिंग की। उनके पास पर जर्सी नंबर 16 के खिलाड़ी ईश्वर परमार ने लगातार दो गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई और साईं धाम यूनाइटेड की फाइनल में जगह पक्की कर दी।

दूसरा सेमीफाइनल ताज फुटबॉल क्लब और घोसी ब्रदर्स फुटबॉल क्लब, महू के बीच खेला गया। मुकाबले की शुरुआत से ही घोसी ब्रदर्स ने रणनीतिक और आक्रामक खेल के जरिए ताज फुटबॉल क्लब पर दबाव बनाए रखा। जर्सी नंबर 7 के खिलाड़ी फैयाज ने मैच के 20वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद जर्सी नंबर 9 के खिलाड़ी अहद ने 35वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।

मैच समाप्त होने से करीब 10 मिनट पहले घोसी ब्रदर्स के जर्सी नंबर 11 के खिलाड़ी वसीम ने शानदार गोल कर टीम की बढ़त 3-0 कर दी। इस जीत के साथ घोसी ब्रदर्स फुटबॉल क्लब ने फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया।

मुकाबलों में मुख्य निर्णायक के रूप में अमजद खान, प्रद्युम्न वर्मा, सुमित वर्मा, विवेक वर्मा और रमेश पथरकर ने जिम्मेदारी संभाली।

इस अवसर पर इंदौर जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष सुरेश वैद्य, सचिव लोकेंद्र वर्मा, आसिफ खान सहित निर्णायक मंडल के सदस्य एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुंदर दास हेमनानी ने किया।

फाइनल मुकाबला कल

इंदौर जिला फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 का फाइनल मुकाबला कल दोपहर 2 बजे साईं धाम यूनाइटेड फुटबॉल क्लब और घोसी ब्रदर्स फुटबॉल क्लब के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस खिताबी मुकाबले को लेकर फुटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles