Thursday, September 10, 2026

Top 5 This Week

spot_img

महू में धूमधाम से मनाया विश्व आदिवासी दिवस, जय जोहार के नारों से गूंजा शहर

आदिवासी समाज ने निकाली भव्य रैली, सामाजिक वेशभूषा में शामिल हुए बड़ी संख्या में समाजजन

महू। महू में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग महू शहर पहुंचे। यहां जय आदिवासी संगठन एवं आदिवासी समाज के तत्वावधान में शहर में भव्य रैली निकाली गई।

रैली में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। कई लोग पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में नजर आए। रैली के दौरान “जय जोहार, जय आदिवासी” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली रैली का जगह-जगह लोगों द्वारा स्वागत भी किया गया।

रैली महू से होते हुए सिमरोल पहुंची, जहां आदिवासी समाज के लोगों की सामूहिक सभा आयोजित की गई। सभा में समाज की एकता, संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

टंट्या मामा मंदिर में उमड़ा समाजजनों का सैलाब

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पातालपानी स्थित टंट्या मामा मंदिर में भी सुबह से ही बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग पहुंचे। समाजजनों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर टंट्या मामा को नमन किया और समाज की खुशहाली की कामना की।

सुरक्षा व्यवस्था के रहे पुख्ता इंतजाम

रैली और आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने रैली के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन के दौरान महू में पूरे दिन उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles