छावनी परिषद, प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक में बड़े फैसले, ट्रैफिक सुधार के लिए 6 बिंदुओं पर बनी रणनीति
महू। महू छावनी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था, जाम और सड़क सुरक्षा की चुनौतियों से निपटने के लिए शुक्रवार को देवी अहिल्या कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रशासन, पुलिस, छावनी परिषद, जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य नागरिकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में महू के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, स्कूलों के आसपास तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों की यातायात स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों और नागरिकों ने अपने सुझाव भी रखे, जिनके आधार पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में लिए गए प्रमुख फैसले
- शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
- भीड़भाड़ वाले चौराहों पर नए संकेतक, दिशा-निर्देशक, रोड मार्किंग और अन्य सुरक्षा उपाय विकसित किए जाएंगे।
- सड़कों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- जरूरत के अनुसार वन-वे व्यवस्था, नो-पार्किंग जोन और पार्किंग स्थलों का निर्धारण किया जाएगा।
- ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए पुलिस और छावनी परिषद नियमित अभियान चलाएंगे तथा आमजन को जागरूक किया जाएगा।
- सभी विभागों के समन्वय से समयबद्ध कार्ययोजना लागू कर यातायात सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई से ट्रैफिक व्यवस्था नहीं सुधर सकती, बल्कि नागरिकों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और शिक्षण संस्थानों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। लोगों से अपील की गई कि वे निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में विधायक उषा ठाकुर, छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी ज्योति कूपर, तहसीलदार विवेक सोनी,एसडीओपी ललित शिखरवार,नायब तहसीलदार राधावल्लभ धाकड़, भाजपा नगर अध्यक्ष पियूष अग्रवाल, बार एसोसिएशन अध्यक्ष भरतसिंह ठाकुर, विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन कार्यालय अधीक्षक सतीश अग्रवाल ने किया, जबकि बैठक की रूपरेखा छावनी मंत्री अमित व्यास ने प्रस्तुत की।




